शनिवार, 21 जनवरी 2023

उर्मिला 15

 

उर्मिला 15
    महारानी कौसल्या ने पुत्रवधुओं की सहायता से भूमि पर विह्वल पड़े महाराज को पुनः पलंग पर लिटाने का प्रयास किया, पर महाराज ने रोक दिया। बोले, " ऊंचे आसन का सुख बहुत भोग लिया कौसल्या, अब भूमि पर सो लेने दो। अंतिम यात्रा पर निकलने से पूर्व मनुष्य को भौतिक साधनों का त्याग कर ही देना चाहिये। कुछ करना ही चाहती हो तो मेरे सिरहाने तुलसी का गमला रख दो। थोड़ा गंगाजल पिला दो। अब यही वास्तविक सुख है।
    रोती स्त्रियों ने महाराज का आदेश पूरा कर दिया। उन्होंने आंखें मूंद ली। कुछ पल बाद आंखें खोली और कहा- "तुम्हे श्रवण कुमार का स्मरण है कौसल्या? उसके वृद्ध माता-पिता का वह शाप स्मरण है?"
     कौसल्या के मुख पर आश्चर्य मिश्रित भय पसर गया। वे सचमुच वह पुरानी घटना भूल गयी थीं। महाराज ने पुत्रवधुओं से कहा, "जानती हो पुत्रियों! मैंने पशु समझ कर उस निर्दोष और धर्मपरायण युवक की हत्या कर दी थी। तब उसके वृद्ध अंधे मातापिता ने प्राण त्यागते हुए मुझे शाप दिया था कि मैं भी एक दिन अपने पुत्रों के वियोग में तड़प कर प्राण त्याग दूंगा। नियति का न्याय देखो, उनका शाप फलीभूत होने जा रहा है।
     "नहीं पिताश्री! आपने तो भूल से उनपर प्रहार किया था। आपसे भूल हुई थी, अपराध नहीं। आपको शाप नहीं लगना चाहिये!" माण्डवी ने सांत्वना देने के लिए कहा।
     "यह तुम कह रही हो पुत्री? न्याय की भूमि मिथिला की बेटी ऐसा कह रही है? इसे समझाओ उर्मिला! मुझे वह शाप अवश्य ही लगना चाहिये। ईश्वर निर्बलों का एकमात्र अवलम्ब होता है, यदि अकारण ही सताए जाने पर मर्मांतक पीड़ा से तड़प उठे किसी निर्दोष की अंतिम इच्छा को वह भी न सुने तो संसार से उसके द्वारा गढ़ी गयी सभ्यता का नाश हो जाएगा। उस वृद्ध दम्पत्ति की अंतिम इच्छा पूरी होनी ही चाहिये। राजा दशरथ पुत्र वियोग में मरें यही धर्म होगा। मैं राम का पिता हूँ, नियति के न्याय पर प्रश्न उठा कर उसकी प्रतिष्ठा को धूमिल नहीं करूंगा। मुझे प्राण त्यागने ही होंगे।"
      किसी के पास महाराज के तर्कों का उत्तर नहीं था, पर सभी उन्हें बहलाने का प्रयत्न कर रहे थे। परिवारजन होने के नाते वे यही कर भी सकते थे। महाराज ने फिर आंखें मूंद ली थीं।
      शाम के समय महाराज ने आंखें खोलीं। पुत्रवधुओं को पास बुलाया और कहा, " तुम लोग उस मिथिला की बेटी हो जिसने युगों युगों से संसार को आध्यात्म की शिक्षा दी है। मानव जीवन के सत्य को जितना मिथिला ने समझा है, उतना कोई और न समझ सका। मेरा जाना जीवन की एक सामान्य घटना है पुत्रियों, लेकिन मेरे जाने के बाद इस परिवार और इस राष्ट्र की बागडोर तुम्हारे हाथ में है और यह तुम्हारे जीवन की सबसे बड़ी परीक्षा है। मेरा राम यहाँ है नहीं, और वह साधु भरत अत्यंत भावुक है। मैं जानता हूँ, अपनी माता के अपराध को जानने के बाद मेरा भरत अत्यंत दुखी हो जाएगा और भावुकतापूर्ण व्यवहार करता रहेगा। ऐसी दशा में तुम्हें ही इस राज्य को थामना होगा पुत्रियों! अयोध्या का भविष्य तुम्हारे ही हाथों में है।
      तीनों बधुएँ हाथ जोड़ कर खड़ी थीं। पिता की हर बात चुपचाप सुन ली, और शीश झुका कर स्वीकार कर लिया। दशरथ फिर बोले, " उर्मिला! मैं चलता हूँ, मेरी अयोध्या का ध्यान रखना पुत्री। स्मरण रहे, अयोध्या की सेवा ही मेरी सेवा है।"
      उर्मिला आदि की आंखें भर गई थीं। उन्होंने चुपचाप अपना हाथ पिता के चरणों पर रख दिया था। दशरथ फिर बोले- माताओं का ध्यान रखना पुत्री! उन्हें अब तुम्हारे स्नेह की आश्यकता होगी। और सुनो! उस अभागन से कहना, मैंने उसे क्षमा कर दिया है।"
      कोई कुछ बोल नहीं सका। सबका गला भरा हुआ था। महाराज दशरथ ने आंखें मूंद ली और राम राम का जप करने लगे।
      रात बीत गयी। महाराज पूरी रात राम राम रटते रहे थे। भोर की पहली किरण से साथ उन्होंने आंखें खोलीं, अंतिम बार कक्ष में बैठे अपनों को देखा, और आंखें मूंद ली। उनके मुख से निकला- राम! राम! राम! इसी के साथ उनका शीश निर्बल हो कर दाईं ओर लुढ़क गया।
    जिससे बार बार देवता तक सहयोग मांगते थे, अपने युग का वह सर्वश्रेष्ठ योद्धा दो निर्बल अंधे बुजुर्गों के शाप के सम्मान में शीश झुका कर अपनी अंतिम यात्रा पर निकल गया था। यह भारतभूमि पर सत्ता का उच्चतम आदर्श था।
क्रमशः
(पौराणिक पात्रों व कथानक लेखनी के धनी श्री सर्वेश तिवारी श्रीमुख द्वारा लिखित ये कथा इतनी प्यारी व आकर्षण भरी लगी, कि शेयर करने के लोभ को रोक न पाया )
_________🌱_________
*शनि-रवि-सोम प्रेरक प्रसंग । यदा कदा तत्कालीन प्रसंग - स्वास्थ्य - हास्य ...*    👉🏼
https://chat.whatsapp.com/JFoxXyaR80qCAEU9y1vTcV
______🌱_________

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कुल पेज दृश्य